मड़ियांव में नकली गुटखा फैक्ट्री का बड़ा भंडाफोड़, 5 लाख का माल जब्त
- लखनऊ के मड़ियांव में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 5 लाख का नकली गुटखा-मसा...
- पुलिस कार्यवाही से संबंधित वीडियो
- उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ में पान मसाला में मिलावट करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। मड़ियांव थाना पुलिस ...
Lucknow Fake Gutkha Factory Busted: लखनऊ के मड़ियांव में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए नकली मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 5 लाख का नकली गुटखा-मसाला जब्त करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्यवाही से संबंधित वीडियो
Lucknow Crime: उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ में पान मसाला में मिलावट करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। मड़ियांव थाना पुलिस ने अजीज नगर के सिकरवार चौराहे पर चल रही नकली मसाला बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। एक बंद मकान में लंबे समय से नामी ब्रांडों के नाम पर नकली मसाला और गुटखा तैयार किया जा रहा था।
पुलिस ने छापा मारकर मौके से 5 लाख रुपये से ज्यादा का नकली माल, पैकिंग मशीनें और ब्रांडेड रैपर बरामद किए हैं। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
बंद मकान में चल रहा था जहरीला धंधा
मड़ियांव थाना क्षेत्र के अजीज नगर इलाके में एक बंद मकान में यह अवैध फैक्ट्री चल रही थी। यह मकान विपिन सिंह नाम के व्यक्ति का है, जिसे किराए पर लेकर रायबरेली के दो युवकों ने यह धंधा शुरू किया था।
स्थानीय लोगों को शक हुआ कि बंद मकान के अंदर से मशीनों की आवाज आती है और देर रात तक गाड़ियां आती-जाती हैं। सूचना पुलिस को दी गई। मड़ियांव पुलिस और प्रशासन की टीम ने छापा मारा तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।
अंदर बड़ी-बड़ी मशीनों से नकली मसाला तैयार किया जा रहा था और उसे राजश्री, कमला पसंद, विमल, किशोर, एसएनके जैसे बड़े ब्रांडों के पैकेट में पैक किया जा रहा था।
रायबरेली के दो आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा है, जिनकी पहचान रायबरेली निवासी पिंटू गुप्ता और पवन साहू के रूप में हुई है। दोनों ही इस फैक्ट्री को चला रहे थे।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार नकली गुटखा, कच्चा माल, केमिकल, पैकिंग मशीन, वजन करने की मशीन और हजारों खाली पाउच बरामद किए हैं।
सेहत के लिए बेहद खतरनाक है नकली मसाला
जानकारों का कहना है कि नकली गुटखा और मसाले में घटिया क्वालिटी का केमिकल, रंग और सुगंध मिलाई जाती है, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। अगर यह माल बाजार में बिक जाता तो हजारों लोगों की सेहत से खिलवाड़ होता।
नेटवर्क की तलाश में पुलिस
मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि यह नकली माल कहां-कहां सप्लाई किया जाता था। इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच हो रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ अमित कुमार साहू, अखिलेश कुमार, सतेंद्र कुमार और आयकर विभाग की टीम के डॉ. शैलेश कुमार, अनिल कुमार, राहुल पांडेय शामिल रहे।
पुलिस ने बरामद माल को सील कर दिया है और फूड सेफ्टी विभाग को भी सूचना दे दी है।