कानपुर में सनसनीखेज वारदात: घर में लूट के बाद 58 वर्षीय महिला की हत्या, कुर्सी पर बैठा मिला शव, खाना खाते समय दिया घटना को अंज़ाम
- Uttar Pradesh (Kanpur) : कानपुर कमिश्नरेट के रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हसनपुर में मंगलवार को दनदहाड़े लूट के इरादे...
- कानपुर कमिश्नरेट के रावतपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर-केशवपुरम में मंगलवार शाम लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने 58...
- पुलिस के मुताबिक लुटेरे महिला के कान, गले में पहनी ज्वेलरी और अलमारी में रखी लाखों रुपये की ज्वेलरी लूट ले गए। पुलिस ...
Uttar Pradesh (Kanpur) : कानपुर कमिश्नरेट के रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हसनपुर में मंगलवार को दनदहाड़े लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने खाना खाते समय एक 58 वर्षीय महिला की हत्या को अजाम दिया। देर शाम घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आला अधिकारियों सहित कई थानों का पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं पुलिस घटना की जानकारी के लिये क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
क्या है पूरा मामला ?
कानपुर कमिश्नरेट के रावतपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर-केशवपुरम में मंगलवार शाम लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने 58 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को कुर्सी पर बैठाकर फरार हो गए। शाम करीब 8 बजे किराएदार जब पानी की मोटर चलाने पहुंचा तो घटना का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक लुटेरे महिला के कान, गले में पहनी ज्वेलरी और अलमारी में रखी लाखों रुपये की ज्वेलरी लूट ले गए। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में किसी परिचित या परिवारी व्यक्ति का हाथ हो सकता है।
किराएदार ने फोन किया तो नहीं उठा, फिर खुला राज
हसनपुर निवासी शिवमंगल कुशवाहा मसवानपुर में बुक स्टॉल चलाते हैं। वह पत्नी उमा देवी (58) और बड़े बेटे अमरीश के साथ रहते हैं, जबकि छोटा बेटा आशीष दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय में सीनियर टेक्नीशियन है।
मंगलवार शाम शिवमंगल दुकान पर थे। घर पर अकेली उमा खाना खा रही थीं। रात करीब 8 बजे किराएदार आनंद सुभाष ने मोटर चलाने के लिए उमा को कई बार कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्होंने शिवमंगल को सूचना दी।
जब किरायेदार ने शव को देखा
शिवमंगल के कहने पर किराएदार आनंद और उनकी पत्नी प्रिया नीचे पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था, धक्का देने पर खुल गया। अंदर देखा तो उमा कुर्सी पर मृत अवस्था में बैठी थीं, सामने टीवी चल रहा था और मेज पर थाली में रोटी और कटोरी में सब्जी रखी थी, जिसमें रोटी का एक टुकड़ा पड़ा था। आशंका है कि महिला जब पहला निवाला खाने जा रही थी, तभी हमला हुआ।
गले और चेहरे पर चोट के निशान, अलमारी टूटी मिली
शुरुआत में परिवार को लगा कि अटैक से मौत हुई है, लेकिन पास जाकर देखा तो गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था, जिससे लूट के बाद हत्या की बात साफ हो गई।
सूचना पर रावतपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लूटा गया सामान कितना है और आरोपी कौन हैं, इसकी जांच की जा रही है।
डीसीपी पश्चिम ने घटना पर क्या कहा
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि रात साढ़े 10 बजे हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर फोरेंसिक टीम ने जांच की है, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लूटे गए सामान का ब्योरा जुटाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।