Bulandshahr Gangrape Case : ख़ुर्जा में नाबालिग को गैंगरेप कर नहर में फेंका, तेज़ बहाव में टहनी के सहारे 3 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही पीड़िता - Democracysamachar.com
Uncategorized ⏱️ 2 मिनट पढ़ाई

ख़ुर्जा में नाबालिग को गैंगरेप कर नहर में फेंका, तेज़ बहाव में टहनी के सहारे 3 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही पीड़िता

democracysamachar@gmail.com ✔
📌 मुख्य बिंदु (Highlights)
  • उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में 16 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप और उसे गंगनहर में फेंकने की घटना आई सामने।कोतवाली द...
  • घटना के समय पीड़ित किशोरी का वीडियो 
  • उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने 16 स...

Bulandshahr Gangrape Case : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में 16 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप और उसे गंगनहर में फेंकने की घटना आई सामने।कोतवाली देहात के एक गांव में दुकान से चाय की पत्ती लेने जा रही एक किशोरी को अगवा कर दरिंदगी करने के बाद उसको नहर में फेंक दिया गया। जहां वह टहनी के सहारे जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही।

घटना के समय पीड़ित किशोरी का वीडियो 

Minor Canal GangRape Case : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने 16 साल की अनाथ किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान छिपाने के लिए उसे अपर गंग नहर में धक्का दे दिया।

किशोरी करीब 3 घंटे तक नहर के अंदर एक पेड़ की टहनी पकड़कर जिंदगी और मौत से लड़ती रही। सुबह 3:30 बजे खेत पर गए एक ग्रामीण ने उसकी आवाज सुनी तो गांव वालों को बुलाया। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे सकुशल बाहर निकाला।

इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरे आरोपी शफीक को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया है।

रात 3:30 बजे नहर से आई चीख

मामला खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव नगला चीती के पास अपर गंगनहर का है। मंगलवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे गांव का एक किसान छोटू अपने पशुओं को चारा डालने के लिए उठा था। उसे नहर की तरफ से किसी लड़की के रोने और बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी।

वह टॉर्च लेकर नहर की तरफ गया तो देखा कि एक किशोरी भीगे कपड़ों में नहर के बीच में एक टहनी को पकड़े हुए लटकी है और मदद की गुहार लगा रही है। छोटू ने तुरंत गांव में शोर मचाया। देखते ही देखते दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को फोन किया।

पुलिस और ग्रामीणों ने रस्सी और लाठी के सहारे किशोरी को नहर से बाहर निकाला। बाहर निकलते ही किशोरी बेहोश होने लगी। उसे तुरंत कपड़े दिलाए गए और थाने ले जाया गया।

कौन है पीड़िता? मां-बाप नहीं, दादी के बाद अकेली रह गई थी

पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता की उम्र करीब 16 साल है और वह मूल रूप से बीबीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है।

किशोरी के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली और राजस्थान चली गई। किशोरी अपनी दादी के साथ रहती थी। दो साल पहले दादी की भी मौत हो गई।

करीब एक साल पहले वह अपनी मां के पास राजस्थान गई थी, लेकिन वहां उसे अच्छा व्यवहार नहीं मिला तो वह वापस बुलंदशहर आ गई और यहां तारा नाम की एक महिला के साथ रहने लगी।

आरोप – बाइक पर ले जाकर किया दुष्कर्म, फिर नहर में फेंका

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात तारा का पति शफीक अपने साथी भूरा के साथ उसे जबरन बाइक पर बैठाकर नहर किनारे ले गया। आरोप है कि वहां दोनों ने उसके साथ गलत काम किया। जब उसने विरोध किया तो दोनों ने उसे नहर में धकेल दिया ताकि कोई सबूत न बचे।

नहर में गिरने के बाद किशोरी ने किस्मत से किनारे पर लटकी एक पेड़ की टहनी पकड़ ली और उसी के सहारे रात भर टंगी रही। अगर टहनी हाथ से छूट जाती तो तेज बहाव में उसकी जान चली जाती।

 वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें किशोरी भीगे कपड़ों में रोते हुए पुलिस को पूरी घटना बता रही है।

खुर्जा देहात पुलिस ने तारा, उसके पति शफीक और भूरा के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस  मुठभेड़ में घायल आरोपी का वीडियो 

मुठभेड़ में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने पहले एक आरोपी भूरा को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरा मुख्य आरोपी शफीक फरार था।

पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर की रात वारदात वाली जगह पर शफीक का मोबाइल फोन गिर गया था। बुधवार देर रात वह अपना मोबाइल लेने वापस घटनास्थल पर आया था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर रखी थी।

पुलिस को देखकर शफीक ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से तमंचा, कारतूस, बाइक और मोबाइल बरामद हुआ है।

घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक के द्वारा दी गई बाइट 

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है और उसे सुरक्षा दी गई है।

रिपोर्ट – अजय कुमार वर्मा 

यह भी पढ़े….

खबर शेयर करें:
ताज़ा खबरों के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें