Kanpur Kakadeo Viral Video: कानपुर में कारोबारी की हत्या से भी नहीं सुधरी काकादेव पुलिस, छात्रों को ईंट से पीटा, दबंगों का वीडियो वायरल, JCP के आदेश हवा-हवाई
- Kanpur Kakadeo Viral Video: कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र की कोचिंग मंडी से छात्रों के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल ...
- Kanpur Kakadeo Viral Video: कानपुर कमिश्नरेट की काकादेव पुलिस की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है। ओम चौराहे पर सड़...
- 5 सितंबर को हुई थी कारोबारी अमित गुप्ता की हत्या
Kanpur Kakadeo Viral Video: कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र की कोचिंग मंडी से छात्रों के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में देवा ठाकुर नामक युवक और उसके साथियों पर कोचिंग के छात्रों से जबरन वसूली (रंगदारी) मांगने और विरोध करने पर उनके साथ लाठी-डंडों व हाथ-पैरों से बेरहमी से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
Kanpur Kakadeo Viral Video: कानपुर कमिश्नरेट की काकादेव पुलिस की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है। ओम चौराहे पर सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर कारोबारी अमित गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि उसी थाना क्षेत्र में फिर दबंगों ने जमकर गुंडागर्दी की। काकादेव में छात्रों को बेरहमी से ईंट से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने एक बार फिर कानपुर पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर एक हत्या के बाद भी पुलिस सबक क्यों नहीं ले रही है? क्या पुलिस किसी और बड़ी वारदात का इंतजार कर रही है?
5 सितंबर को हुई थी कारोबारी अमित गुप्ता की हत्या
आपको याद होगा, 5 सितंबर को काकादेव थाना क्षेत्र के ओम चौराहे पर कुछ हिस्ट्रीशीटर सड़क पर खड़े होकर पेशाब कर रहे थे। वहां से गुजर रहे कारोबारी अमित गुप्ता ने उन्हें सिर्फ इतना कहा कि सड़क पर पेशाब मत करो। इसी बात से नाराज होकर हिस्ट्रीशीटरों ने अमित गुप्ता को पीट-पीटकर मार डाला था।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में सेंट्रल जोन की स्वाट टीम ने हिस्ट्रीशीटर संजय ढाबा को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जबकि मोनू श्रीवास्तव, कुशल श्रीवास्तव और अश्वनी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इस घटना ने राजनीतिक तूल भी पकड़ा था। विपक्ष ने सरकार को जमकर घेरा था और आरोपियों ने वीडियो जारी कर पुलिस को खुलेआम चुनौती दी थी।
पुलिस ने तब कहा था कि अब काकादेव में रात में गश्त बढ़ाई जाएगी, दुकानें समय पर बंद कराई जाएंगी। लेकिन एक महीना भी नहीं बीता और फिर उसी इलाके में वही गुंडागर्दी दोहराई गई।
वायरल वीडियो में ईंट से पीटते दिखे दबंग
अब जो नया वीडियो वायरल हुआ है, उसमें साफ दिख रहा है कि 4-5 दबंग युवक एक छात्र को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं। एक दबंग हाथ में ईंट लेकर छात्र के सिर पर मार रहा है। छात्र जान बचाने के लिए चीख रहा है, लेकिन दबंग रुक नहीं रहे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो भी ओम चौराहे के आसपास का ही है, जहां कारोबारी की हत्या हुई थी।
यह घटना काकादेव कोचिंग मंडी की है। यहां यूपी ही नहीं, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान से हजारों छात्र IIT-JEE, NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आते हैं। यहां सैकड़ों हॉस्टल हैं।
रात 11 बजे बाद भी खुली रहती हैं दुकानें, लगता है दबंगों का जमावड़ा
स्थानीय लोगों का कहना है कि काकादेव में रात 11-12 बजे तक चाय, सिगरेट, खाने-पीने की दुकानें खुली रहती हैं। इन्हीं दुकानों पर शहर के दबंग और हिस्ट्रीशीटर इकट्ठा होते हैं, शराब पीते हैं और छात्रों से रंगदारी, मारपीट करते हैं। काकादेव पुलिस इस ओर कोई ध्यान नहीं देती। पैदल गश्त न के बराबर है।
JCP के आदेश का भी कोई असर नहीं
इस बढ़ते अपराध को देखते हुए कानपुर के संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन टाडा ने सख्त आदेश जारी किया था कि रात 11 बजे के बाद किसी भी थाना क्षेत्र में कोई दुकान नहीं खुलेगी। सड़क पर शराब पीते मिलने वालों पर कार्रवाई होगी। अगर दुकान खुली मिली तो संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी जिम्मेदार होंगे और उन पर कार्रवाई होगी।
लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यह आदेश सिर्फ कागजों में है। काकादेव में आज भी देर रात तक दुकानें खुली रहती हैं। थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं होती, इसलिए उनकी कार्यशैली लचर बनी हुई है। कारोबारी की हत्या के बाद भी पुलिस नहीं जागी तो अब छात्र पिट रहे हैं।
DCP सेंट्रल ने कहा – कार्रवाई होगी
इस पूरे मामले पर डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन सवाल वही है कि कार्रवाई घटना के बाद ही क्यों? पहले रोकथाम क्यों नहीं?