टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कानपुर का नाम जुड़ा, हथियार सप्लाई में गिरफ्तार राधा बिल्हौर की निकली बहू
- मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार महिला राधा का कानपुर के बिल्हौर के दादारपुर कटहा गांव से क...
- वह घर जहां राधा की शादी हुई थी
- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा चार आरोपियों...
Tiger Shroff Firing Case : मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार महिला राधा का कानपुर के बिल्हौर के दादारपुर कटहा गांव से कनेक्शन निकला है। वह हथियार कूरियर के तौर पर काम करती थी। पुलिस टीम गांव में उसके परिवार से पूछताछ कर रही है। ससुर ने बताया वह 3 साल पहले शादी कर गांव आई थी।
वह घर जहां राधा की शादी हुई थी
कानपुर : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एक चौंकाने वाला कानपुर कनेक्शन सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सीतापुर की रहने वाली राधा का संबंध कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
विज्ञापन

इंटरनेट मीडिया पर राधा की तस्वीर वायरल होने के बाद बिल्हौर के दादरपुर कटहा गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया है। दावा किया जा रहा है कि वह गांव के विशाल गौतम की पत्नी है।
कौन है गिरफ्तार राधा ?
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हथियार मुहैया कराने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी है। पुलिस के मुताबिक महिला का नाम राधा है और वह मूल रूप से सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के नहवैया गांव की रहने वाली है।
गिरफ्तारी के बाद जब उसकी फोटो सोशल मीडिया पर आई तो कानपुर के बिल्हौर में उसके ससुराल वालों ने उसे पहचान लिया। विशाल के पिता देवनारायण गौतम ने बताया कि सोशल मीडिया पर देखकर पता चला कि पुलिस ने जिसे राधा के नाम से गिरफ्तार किया है, वह वही महिला है जिसे उनका बेटा विशाल तीन साल पहले बिट्टो नाम बताकर शादी करके घर लाया था।
राधा की रिश्तेदार
बिल्हौर के दादरपुर गांव से क्या है कनेक्शन ?
बिल्हौर थाना क्षेत्र के दादरपुर कटहा गांव निवासी देवनारायण गौतम एक साधारण किसान परिवार से हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा विशाल गौतम करीब तीन साल पहले एक महिला को अपने साथ लेकर आया था और बताया था कि यह उसकी पत्नी बिट्टो है और उसने शादी कर ली है।
कुछ दिन तक वह महिला गांव में रही भी। ग्रामीणों के मुताबिक वह ज्यादा किसी से बात नहीं करती थी। कुछ ही दिनों में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि देवनारायण ने पुलिस में शिकायत तक कर दी। बाद में वकील के जरिए उन्होंने अपने बेटे विशाल को बेदखल करने की कानूनी कार्रवाई भी कर दी।
उसके बाद विशाल और वह महिला गांव छोड़कर चले गए। तब से विशाल परिवार के संपर्क में नहीं है।
देवनारायण ने बताया कि करीब 25 दिन पहले जब वह मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में भर्ती थे, तब विशाल उनसे मिलने आया था। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि 10-12 दिन पहले विशाल और वह महिला गांव में देखे गए थे।
विज्ञापन

चार बच्चों की मां होने की चर्चा
गांव में यह भी चर्चा है कि राधा उर्फ बिट्टो के पहले से ही चार बच्चे हैं और उसके कई वैवाहिक संबंध रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों का कहना है कि विशाल के साथ उसकी शादी उसकी दूसरी या तीसरी शादी थी।
पुलिस क्या कह रही है ?
इस पूरे मामले पर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी पश्चिम कासिम आब्दी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिल्हौर के परिवार का राधा की आपराधिक गतिविधियों से फिलहाल कोई सीधा संबंध नहीं मिला है। यह परिवार एक साधारण किसान परिवार है और अभी तक किसी भी आपराधिक गतिविधि में इनका नाम नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि बिल्हौर थाना पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि राधा लगभग 3 साल पहले गांव में आई थी और उसके बाद से उसे गांव में नहीं देखा गया। फिर भी पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। ग्राम प्रधान, पूर्व ग्राम प्रधान और एलआईयू की टीम से भी जानकारी जुटाई जा रही है। हलका इंचार्ज को परिवार पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सीतापुर पुलिस और दिल्ली स्पेशल सेल की टीमें भी इस कनेक्शन की जांच कर रही हैं। गांव में सादे कपड़ों में कुछ पुलिसकर्मियों के आकर जानकारी जुटाने की भी चर्चा है।
विज्ञापन

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस क्या है ?
बताते चलें कि कुछ दिन पहले मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में मुंबई पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी जांच कर रही थी। आशंका जताई जा रही है कि यह फायरिंग गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने की है और हथियार सप्लाई करने में राधा की भूमिका थी।
अब राधा के कानपुर कनेक्शन ने इस हाई-प्रोफाइल केस को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कानपुर में भी हथियारों का कोई नेटवर्क है।