Kaushambi : अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, इमारत हुई जमींदोज, कई लोग हुए हताहत - Democracysamachar.com
अपराध ⏱️ 2 मिनट पढ़ाई

Kaushambi : अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, इमारत हुई जमींदोज, कई लोग हुए हताहत

Author
democracysamachar@gmail.com
📌 मुख्य बिंदु (Highlights)
  • UTTAR PRADESH (KAUSHAMBI) : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट ह...
  • कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना ...
  • यह हादसा मनौरी स्थित थाना पुरामुफ्ती क्षेत्र में हुआ, जो प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर है। घटनास्थल से मनौरी एयरफोर...

UTTAR PRADESH (KAUSHAMBI) : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कई किलोमीटर तक उसकी गूंज सुनाई दी और आसपास के कई मकान भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।

कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि पूरी फैक्ट्री भरभराकर गिर गई और उसकी आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस हादसे में 13 साल के प्रवीण और 5 साल की प्रियांशी समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर हुआ हादसा

यह हादसा मनौरी स्थित थाना पुरामुफ्ती क्षेत्र में हुआ, जो प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर है। घटनास्थल से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन की दूरी महज डेढ़ किलोमीटर है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

विस्फोट के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों में आग लग गई और काफी देर तक छोटे-बड़े धमाके होते रहे। पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि 50 मीटर के दायरे में 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।

चारपाई पर लादकर अस्पताल पहुंचाए घायल

हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चारपाई और अन्य साधनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर डीएम, एसपी समेत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल और ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ट्रामा सेंटर में भर्ती चार में से तीन की हालत नाजुक है। प्रशासन को आशंका है कि अभी भी कुछ लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं, इसलिए मलबा हटाने का काम जारी है।

सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने को भी कहा है। प्रशासन का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही मौतों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

खबर शेयर करें:
ताज़ा खबरों के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें