Kanpur Sachendi News: पांडू नहर में समाई दोस्ती, 180 मीटर दूर मिले दो जिगरी दोस्तों के शव, एक साल की मासूम हुई अनाथ - Democracysamachar.com
Uncategorized ⏱️ 2 मिनट पढ़ाई

Kanpur Sachendi News: पांडू नहर में समाई दोस्ती, 180 मीटर दूर मिले दो जिगरी दोस्तों के शव, एक साल की मासूम हुई अनाथ

Author
democracysamachar@gmail.com
📌 मुख्य बिंदु (Highlights)
  • Kanpur Sachendi News:कानपुर के सचेंडी में सोमवार रात से लापता दो दोस्तों की तलाश का मंगलवार देर रात दर्दनाक अंत हो गय...
  • Kanpur Sachendi News:उत्तर प्रदेश में कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में सोमवार रात से लापता दो युवकों की तलाश का मंगल...
  • मृतकों की पहचान सचेंडी के सुरार गांव निवासी दीपक पांडेय (30 वर्ष) और रूरा थाना क्षेत्र के ठठिया गांव निवासी अंकित कमल...

Kanpur Sachendi News:कानपुर के सचेंडी में सोमवार रात से लापता दो दोस्तों की तलाश का मंगलवार देर रात दर्दनाक अंत हो गया। बछऊपुर पुल के पास पांडू नहर में उनकी टाटा पंच कार मिली, जिसके बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में कार से कुछ ही दूरी पर दोनों के शव बरामद हुए।

 नहर से जेसीबी के द्वारा निकाली जा रही लापता कार

Kanpur Sachendi News:उत्तर प्रदेश में कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में सोमवार रात से लापता दो युवकों की तलाश का मंगलवार देर रात दर्दनाक अंत हो गया। बछऊपुर गांव के पास पांडू नहर के पुल में उनकी टाटा पंच कार गिरी मिली थी, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार कार से करीब 180 मीटर की दूरी पर दोनों युवकों के शव बरामद हुए। शवों के बाहर आते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

बरामद और मृतक युवकों के फाइल फोटो

कौन थे दोनों मृतक ?

मृतकों की पहचान सचेंडी के सुरार गांव निवासी दीपक पांडेय (30 वर्ष) और रूरा थाना क्षेत्र के ठठिया गांव निवासी अंकित कमल (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बचपन के जिगरी दोस्त थे और अक्सर साथ ही आते-जाते थे।

दीपक पांडेय एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनके परिवार में पिता राकेश पांडेय, पत्नी सृष्टि और महज एक साल की मासूम बेटी प्रियांशी है। दीपक ही परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। वहीं अंकित कमल भी युवा था और अपने परिवार का सहारा था।

 घटना स्तर पर छानबीन करती पुलिस

सोमवार रात घर से निकले, फिर कभी नहीं लौटे

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात दीपक पांडेय अपने दोस्त अंकित के साथ अपनी टाटा पंच कार संख्या UP78 JF 7275 से घर से निकले थे। जाते समय उन्होंने घर में किसी को यह नहीं बताया कि वह कहां और किस काम से जा रहे हैं। परिवार को लगा कि वह हमेशा की तरह टहलने या किसी काम से गए हैं और जल्द लौट आएंगे।

लेकिन रात 11 बजे के बाद भी जब दोनों नहीं लौटे तो पत्नी सृष्टि ने दीपक के मोबाइल पर फोन किया। फोन स्विच ऑफ बता रहा था। अंकित के परिजनों से बात की तो उनका फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद दोनों परिवारों ने अपने स्तर पर पूरी रात रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

 नहर से निकल गई लापता कार

मंगलवार को गुमशुदगी, फिर नहर में मिली कार

अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन मंगलवार दोपहर सचेंडी थाने पहुंचे और दोनों युवकों की गुमशुदगी दर्ज कराई। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमों को तलाश में लगाया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बछऊपुर गांव के पास पांडू नहर के पुल में एक कार गिरी हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकलवाया। कार की पहचान होते ही परिजनों की सांसें थम गईं। यह वही टाटा पंच कार थी जिससे दोनों निकले थे। लेकिन कार के अंदर दोनों युवक नहीं थे, जिससे चिंता और बढ़ गई।

 घटनास्थल पर रोते बिलखते लगता परिजन

परिजनों का हंगामा, अफसर मौके पर पहुंचे

कार मिलने के बाद भी युवकों का पता न चलने पर गुस्साए परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने नहर किनारे हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसीपी पनकी अमित चौरसिया और एसडीएम सदर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को शांत कराया और तुरंत गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन तेज करने का आश्वासन दिया।

 नहर से बरामद किए गए दोनों युवकों के शव

180 मीटर दूर मिले दोनों के शव

मंगलवार देर रात गोताखोरों ने नहर के तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टॉर्च और जाल की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार से लगभग 180 मीटर दूर झाड़ियों में फंसे दो शव बरामद हुए। बाहर निकालने पर पुष्टि हुई कि वे शव दीपक और अंकित के ही हैं।

शवों को देखते ही पिता राकेश पांडेय जमीन पर गिर पड़े और रोते हुए बोले, “हम रातभर इंतजार करते रहे कि बेटा आएगा, लेकिन अब उसके शव को देख रहे हैं।” दीपक की पत्नी सृष्टि बेसुध हो गई, जबकि एक साल की बेटी प्रियांशी को गोद में लेकर महिलाएं रोती रहीं।

कैसे हुआ हादसा ? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हैलेट अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही है। आशंका है कि रात के अंधेरे में तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। कार के शीशे खुले होने से दोनों युवक बहाव में बहकर दूर चले गए।

हालांकि पुलिस हादसे के अलावा अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवक किस रास्ते से नहर तक पहुंचे और हादसे के वक्त कार कौन चला रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया है और पूरे सुरार व ठठिया गांव में मातम पसरा हुआ है।

खबर शेयर करें:
ताज़ा खबरों के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें