रामलीला के मंच पर चंदे का हिसाब मांगना पड़ा महंगा, थाने से कुछ सौ मीटर पर खेला गया खूनी खेल, 3 की हत्या
- पीलीभीत में थाने से कुछ सौ मीटर की दूरी पर हो रही रामलीला के मंच कमेटी की बैठक के दौरान पिछले साल का हिसाब -किताब मां...
- क्षेत्रीय थाना, घटनास्थल, फॉरेंसिक टीम के वीडियो
- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी की बैठक के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात हो गई। र...
Pilibhit Amaria Firing News: पीलीभीत में थाने से कुछ सौ मीटर की दूरी पर हो रही रामलीला के मंच कमेटी की बैठक के दौरान पिछले साल का हिसाब -किताब मांगने के दौरान मंच के ऊपर ही जमकर गोलीबारी हुई, इस खूनी खेल में 3 लोगों की हत्या हो गई, वहीं 1 गंभीर रूप से घायल हो गये, पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता सहित 3 को गिरफ़्तार कर लिया है।
क्षेत्रीय थाना, घटनास्थल, फॉरेंसिक टीम के वीडियो
Pilibhit News Today: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी की बैठक के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात हो गई। रामलीला के आय-व्यय के हिसाब-किताब और नई कमेटी के गठन को लेकर हुए विवाद में जमकर गोलीबारी हो गई। इस खूनी संघर्ष में पुरानी कमेटी के दो पदाधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं 1 गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह सनसनीखेज घटना सोमवार देर रात अमरिया थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद पूरे कस्बे में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव खुद मौके पर पहुंचीं और चार टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता उसके 2 साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बैठक में हिसाब को लेकर शुरू हुआ विवाद
अमरिया कस्बे में हर साल बड़े स्तर पर रामलीला का मंचन होता है। इसके लिए हर साल एक मेला कमेटी का गठन किया जाता है। सोमवार रात पिछले साल की कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने अपने एक सदस्य के घर पर बैठक बुलाई थी।
बैठक का एजेंडा था – पिछले साल के मेले का आय-व्यय का हिसाब देना और इस साल की नई कमेटी का गठन करना। बैठक में सभी पुराने पदाधिकारी मौजूद थे। हिसाब-किताब का काम चल ही रहा था कि कस्बे का ही रहने वाला कौशल गुप्ता, जो इस बार कमेटी में पद पाने की दावेदारी कर रहा था, उसने हिसाब पर सवाल उठा दिए।
आरोप है कि कौशल गुप्ता ने हंगामा शुरू कर दिया और कहा कि हिसाब में गड़बड़ी है। इस पर अमित गुप्ता और उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता ने आपत्ति जताई और कहा कि पूरी कमेटी के सामने एक-एक खर्च का हिसाब दिया जा रहा है, शांति बनाए रखें। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी व छानबीन करती फॉरेंसिक टीम
ताबड़तोड़ फायरिंग में दो की मौत
पुलिस के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि कौशल गुप्ता और उसके साथियों ने अचानक तमंचा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से बैठक में अफरातफरी मच गई।
गोली लगने से अमित गुप्ता और कुणाल गुप्ता के सीने में गोली लगी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग यहीं नहीं रुकी, इसमें रोहित गुप्ता और मोहित गुप्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर बाहर सड़क पर भगदड़ मच गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। वही इलाज के दौरान एक अन्य मोहित गुप्ता की भी मौत हो गई।
घटनास्थल पर मृतक को देखती पुलिस
व्यापारी हैं दोनों पक्ष, बाजार में दुकानें
बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष अमरिया के मुख्य बाजार के व्यापारी हैं और उनकी दुकानें आमने-सामने हैं। पहले भी कमेटी को लेकर उनके बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। सोमवार की बैठक में यह वर्चस्व खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटनास्थल पर घटना से संबंधित पुलिस अधीक्षक के द्वारा दी गई जानकारी
एसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा (IPS) देर रात अमरिया पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की हत्या के आरोप में कौशल गुप्ता और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पीड़ित परिवार से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता सहित 3 अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाने से 500 मीटर दूर हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।