भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की घर में गला रेतकर हत्या से सनसनी, 2 दिन पहले काम पर आया नौकर गायब – पुलिस सवालों में उलझी
- भोपाल के रातीबड़ में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की घर में गला रेतकर हत्या। पत्नी के साथ रहते थे।पुलिस का शक 2 दिन पहल...
- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने...
- यह वारदात सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। रिटायर्ड अधिकारी अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित अपने निजी मकान में रहते थे...
Bhopal Retired IAS Murder: भोपाल के रातीबड़ में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की घर में गला रेतकर हत्या। पत्नी के साथ रहते थे।पुलिस का शक 2 दिन पहले रखे नौकर पर है , जो वारदात के बाद से फरार चल रहा है। आरोपी ने LPG सिलेंडर से घर को उड़ाने की भी कोशिश की, पर वह नाकाम रहा।वहीं अब पुलिस सवालों के जाल में उलझी हुई है।

Bhopal Retired IAS Murder: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। सूरजनगर इलाके में रहने वाले सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर के अंदर धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
यह वारदात सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। रिटायर्ड अधिकारी अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित अपने निजी मकान में रहते थे। पुलिस को घर के अंदर ही उनका शव मिला, उनके गले पर गहरे जख्म के निशान दिखाई पड़े।
कैसे सामने आई हत्या की वारदात?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोपहर में जब उनके घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। जिसकी सूचना क्षेत्रीय लोगों और उनके पड़ोसियों ने फोन कर उनके परिजनों और पुलिस को दी।सूचना पर जब पुलिस घर के अंदर पहुंची तो राकेश अग्रवाल खून से लथपथ हालत में जमीन पड़े मिले। उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को सील कर दिया गया और घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी ।
खबर मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सहित रातीबड़ थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल को सुरक्षित कर (FSL) फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को बुलाया गया। टीम ने घर से साक्ष्य जुटाए, खून के नमूने लिए और धारदार हथियार की तलाश की।
2 दिन पहले रखा नौकर बना मुख्य संदिग्ध
इस हत्याकांड में सबसे बड़ा एंगल घर में काम करने वाले नौकर का सामने आया है। जानकारी के मुताबिक राकेश अग्रवाल ने दो दिन पहले ही एक नए नौकर को घर के कामकाज के लिए रखा था। वह घर में ही रह रहा था। वारदात के बाद से वह नौकर अचानक गायब है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
जिस कारण से शुरुआती जांच में पुलिस का शक सीधे उसी नौकर पर जा रहा है। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि नौकर ने ही किसी रंजिश, लूट या अन्य कारण से इस वारदात को अंजाम दिया हो । हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा है कि हत्या उसी ने की है। पुलिस का कहना है कि नौकर का गायब होना एक अहम कड़ी है, लेकिन जांच पूरी होने तक किसी को भी आरोपी नहीं कहा जा सकता।
लूट या निजी रंजिश? पुलिस खंगाल रही है हर पहलू
पुलिस इस मामले में कई एंगल पर जांच कर रही है। पहला एंगल लूट का है। क्या नौकर ने घर में रखे पैसे या कीमती सामान के लालच में हत्या की? दूसरा एंगल निजी दुश्मनी या कहासुनी का भी हो सकता है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सूरजनगर एक पॉश कॉलोनी है, जहां कई घरों में सीसीटीवी लगे हैं। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज भी निकलवा रही है ताकि पता चल सके कि वारदात के समय घर में कौन आया-गया और नौकर किस दिशा में भागा।
इसके अलावा पुलिस मृतक के कॉल रिकॉर्ड, नौकर का पिछला रिकॉर्ड, उसे किसने काम पर रखा, उसका वेरिफिकेशन हुआ था या नहीं, इन सभी बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। अक्सर देखा जाता है कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन के रखे गए नौकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे देते हैं।
कौन थे राकेश अग्रवाल?
राकेश अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ रिटायर्ड आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया था। रिटायरमेंट के बाद वह भोपाल के सूरजनगर में अपनी पत्नी के साथ सादगी भरा जीवन बिता रहे थे। उनका मिलनसार स्वभाव था और कॉलोनी में उनकी अच्छी पहचान थी। इस तरह एक वरिष्ठ पूर्व अधिकारी की हत्या से प्रशासनिक महकमे में भी शोक और आक्रोश है।
पुलिस का आधिकारिक बयान
रातीबड़ थाना पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या में इस्तेमाल हथियार और मौत के सही समय के बारे में और जानकारी मिलेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। नौकर के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कॉलोनी में दहशत का माहौल
इस वारदात के बाद सूरजनगर और रातीबड़ क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों में नौकर रखते समय पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और नौकरों के वेरिफिकेशन को अनिवार्य करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है,कि आखिर दो दिन पहले आया नौकर ही हत्यारा है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है? इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नौकर की गिरफ्तारी के बाद ही सामने आ पाएगा।