Hamirpur Sumerpur Murder: 8 बीघा जमीन के लिए बेटे ने वृद्ध मां को ईंट से कूचकर मारा, 13 साल पहले भाई की भी की थी हत्या
- Hamirpur Sumerpur Murder: सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में जमीन-जायदाद के लालच में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ह...
- Hamirpur Sumerpur Murder: यूपी के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में शनिवार को दिल को झकझोर ...
- मृतका की पहचान चंदपुरवा गांव निवासी रामश्री (74) के रूप में हुई है। आरोपी बेटे का नाम आनंदी यादव उर्फ जुल्ली है। पुलि...
Hamirpur Sumerpur Murder: सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में जमीन-जायदाद के लालच में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि 74 वर्षीय विधवा रामश्री की ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब चार घंटे तक अपनी मां के शव के पास ही बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
घटनास्थल पर मौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
Hamirpur Sumerpur Murder: यूपी के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में शनिवार को दिल को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी 74 वर्षीय वृद्ध मां की ईंट-पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी चार घंटे तक अपनी मां के खून से लथपथ शव के पास ही घर में दरवाजा बंद कर बैठा रहा। ग्रामीणों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
मृतका की पहचान चंदपुरवा गांव निवासी रामश्री (74) के रूप में हुई है। आरोपी बेटे का नाम आनंदी यादव उर्फ जुल्ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
8 बीघा जमीन बनी मां की मौत की वजह, बेचने का बना रहा था दबाव
ग्रामीणों के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड के पीछे 8 बीघा जमीन का विवाद है। बताया जा रहा है कि मृतका रामश्री के नाम पर करीब आठ बीघा जमीन थी। आरोपी बेटा आनंदी यादव लंबे समय से उस जमीन को बेचने के लिए अपनी मां पर दबाव बना रहा था, ताकि उसे पैसे मिल सकें और वह अपने नशे और ऐशो-आराम में उड़ा सके। लेकिन वृद्ध मां जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी। वह चाहती थी कि जमीन उसके तीनों बेटों या पोतों के भविष्य के काम आए।
इसी बात को लेकर शनिवार सुबह मां-बेटे के बीच एक बार फिर तेज बहस हुई। गुस्से में आकर आनंदी ने पास में रखी ईंट उठाई और अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। वृद्ध महिला के सिर से खून का फव्वारा छूट गया और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगी। कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्याकांड की जगह पर ग्रामीणों से तहकीकात करती पुलिस
हत्या के बाद 4 घंटे तक शव के पास बैठा रहा हत्यारा, दरवाजा बंद कर अंदर रहा
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी में जरा भी घबराहट नहीं थी। वह घर का दरवाजा अंदर से बंद कर अपनी मृत मां के शव के पास ही बैठा रहा। करीब चार घंटे तक वह वहीं बैठा रहा। जब पड़ोसियों ने घर से कोई हलचल नहीं देखी और दरवाजा बंद पाया तो उन्हें शक हुआ। एक ग्रामीण ने दरवाजे की दरार से झांककर देखा तो अंदर खून से लथपथ शव पड़ा था और आरोपी पास में बैठा था।

ग्रामीणों ने तुरंत सुमेरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक समझाने और धमकाने के बाद पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
घटना के संबंध में क्षेत्रीय अधिकारी सदर यशपाल सिंह के द्वारा दी गई बाइट
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून से सनी ईंट, पत्थर और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर जांच की। पुलिस अधिकारियों ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हत्या की असली वजह और पूरी सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल आरोपी से थाने में कड़ी पूछताछ की जा रही है।
13 साल पहले छोटे भाई की भी कर चुका है हत्या, 2021 में पुलिस पर तमंचा ताना था
इस आरोपी का इतिहास बेहद खौफनाक है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आनंदी यादव उर्फ जुल्ली करीब 13 साल पहले अपने छोटे भाई की भी हत्या कर चुका है। उस मामले में वह जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद भी उसके हाव-भाव में कोई सुधार नहीं आया।
ग्रामीणों ने बताया कि साल 2021 में भी इसने अपनी मां के साथ जमकर मारपीट की थी। तब रामश्री ने खुद पुलिस को फोन कर बुलाया था। जब पुलिस उसे पकड़ने आई तो वह घर की छत पर चढ़ गया और पुलिसकर्मियों पर तमंचा लहराकर उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा था। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी पीछे के रास्ते से छत पर पहुंचे और उसे काबू में किया था।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और अक्सर गांव में लोगों से झगड़ा करता रहता था। उसकी इस हरकत से पूरा गांव दहशत में है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई अपनी मां के साथ ऐसा करने की सोच भी न सके।