Kanpur Bithoor Murder Case: चलती ट्रेन से सेल्स मैनेजर को फेंककर हत्या, सिपाही समेत 12 पर FIR, अवैध संबंध का आरोप - Democracy Samachar
Uncategorized ⏱️ 2 मिनट पढ़ाई

चलती ट्रेन से सेल्स मैनेजर को फेंककर हत्या, सिपाही समेत 12 पर FIR, अवैध संबंध का आरोप

Author
democracysamachar@gmail.com ✔
📌 मुख्य बिंदु (Highlights)
  • कानपुर बिठूर में सेल्स मैनेजर को चलती ट्रेन से फेंककर मारने का आरोप। कोर्ट के आदेश पर सिपाही राहुल समेत 12 पर FIR। पि...
  • उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अहमदाबाद में सेल्स मैनेजर के पद पर...
  • मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि सिपाही के उनकी बहू के साथ अवैध संबंध थे और इसी के चलते दोनों ने मिलकर उनके बेटे को र...

Kanpur Bithoor Murder Case: कानपुर बिठूर में सेल्स मैनेजर को चलती ट्रेन से फेंककर मारने का आरोप। कोर्ट के आदेश पर सिपाही राहुल समेत 12 पर FIR। पिता बोले- सिपाही और बहू के अवैध संबंध के कारण की हत्या।

 

Court Order FIR : उत्तर प्रदेश में कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अहमदाबाद में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करने वाले एक युवक की चलती ट्रेन से फेंककर हत्या करने का आरोप लगा है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप यूपी पुलिस के एक सिपाही और मृतक की पत्नी पर ही लगा है।

मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि सिपाही के उनकी बहू के साथ अवैध संबंध थे और इसी के चलते दोनों ने मिलकर उनके बेटे को रास्ते से हटा दिया। थाने में कई बार शिकायत करने के बाद भी जब पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया तो पिता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब बिठूर पुलिस ने सिपाही समेत 12 लोगों के खिलाफ हत्या, अपहरण और साजिश का मुकदमा दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला ?

बिठूर निवासी बुजुर्ग ने बताया कि उनका बेटा अहमदाबाद की एक डिस्पोजल बनाने वाली कंपनी में सेल्स मैनेजर था। वह काफी मेहनत से परिवार पाल रहा था। कुछ समय से उसका परिवार कानपुर में ही रह रहा था।

पिता का आरोप है कि कल्याणपुर में यूपी-112 में तैनात सिपाही राहुल कुमार, जो मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है, का अक्सर उनके घर आना-जाना था। वह उनके बेटे का दोस्त था। पिता का दावा है कि इसी दोस्ती के दौरान राहुल के उनकी बहू से नजदीकी संबंध बन गए थे, जिसका उनके बेटे ने विरोध किया था।

आरोप के मुताबिक 1 दिसंबर 2025 की रात सिपाही राहुल कुमार उनके घर आया और बेटे को उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कराने के बहाने साथ ले गया। परिवार को लगा कि दोस्त घुमाने ले जा रहा है, इसलिए किसी ने शक नहीं किया।

लेकिन उज्जैन ले जाने की बात कहकर सिपाही उसे श्रमशक्ति एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली की तरफ ले गया। पिता का आरोप है कि रास्ते में शिकोहाबाद क्षेत्र के कटौरा बुजुर्ग गांव के पास चलती ट्रेन से धक्का देकर उसके बेटे को नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन दिन बाद 4 दिसंबर को रेलवे ट्रैक के किनारे बेटे का शव मिला। तब परिवार को घटना की जानकारी हुई।

मकान की रजिस्ट्री को लेकर मारपीट का आरोप

मृतक के पिता ने अपनी तहरीर में एक और सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे की मौत के बाद 18 दिसंबर को कुछ लोग उनके घर आए। उनमें मृतक की पत्नी के साथी बताए जा रहे हैं। उन्होंने मकान की रजिस्ट्री मृतक की पत्नी के नाम करने का दबाव बनाया।

जब पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बुजुर्ग का कहना है कि वह लोग पहले से ही पूरी संपत्ति हड़पने की योजना बनाए हुए थे।

कोर्ट की शरण में गया परिवार

पिता ने बताया कि बेटे का शव मिलने के बाद से ही वह लगातार बिठूर थाने के चक्कर काट रहे थे। उन्होंने सिपाही और बहू के खिलाफ लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थक-हारकर उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दायर किया।

कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को तुरंत मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।

इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें 7 लोगों को नामजद किया गया है –

1. सिपाही राहुल कुमार – निवासी अलीगढ़, तैनाती कल्याणपुर यूपी-112

2. मृतक की पत्नी

3. संदीप श्रीवास्तव – निवासी चकेरी

4. शिवानंद, सीता, सूरज और चेतन – निवासी फतेहपुर

इसके अलावा 5 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। शव मिलने वाली जगह की जीआरपी रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी केस में शामिल किया जाएगा। सिपाही राहुल कुमार से विभागीय स्तर पर भी पूछताछ की जाएगी।

इस घटना के बाद बिठूर क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म है। एक तरफ जहां पुलिस के सिपाही पर ही हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, वहीं परिवारिक रिश्तों में खटास और अवैध संबंधों की बात ने इस केस को और भी पेचीदा बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

यह भी पढ़े….

खबर शेयर करें:
ताज़ा खबरों के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें