गांधी जयंती पर बड़ा सड़क हादसा, स्कूल बस को तेज़ रफ़्तार डंपर ने मारी टक्कर, महिला शिक्षिका की मौत, मासूमों सहित 10 घायल

- गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घाटमपुर जा रही एक स्कूल बस की शुक्रवार को मौरंग से लदे ...
- उत्तर प्रदेश के कानपुर में गांधी जयंती के दिन एक भीषण सड़क हादसे में खुशी से भरा माहौल मातम में बदल गया। बिधनू थाना ...
- दुर्घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बस में मौजूद लोगों को बचाने का कार्य शुरू किया और...
Kanpur School Bus Accident: गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घाटमपुर जा रही एक स्कूल बस की शुक्रवार को मौरंग से लदे डंपर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में कांच के टुकड़े सिर में धंसने से एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि पांच छात्रों और शिक्षकों समेत कई अन्य लोग घायल हो गए।
घटना से संबंधित वीडियो
Kanpur Bidhnoo Accident News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गांधी जयंती के दिन एक भीषण सड़क हादसे में खुशी से भरा माहौल मातम में बदल गया। बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव में पंचायत भवन के सामने घाटमपुर में स्थित चीना पब्लिक स्कूल की बस और तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर में भीषण टक्कर हो गई। इस जोरदार भिड़ंत में बस में सवार 30 वर्षीय विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो शिक्षकों और बच्चों समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बस में मौजूद लोगों को बचाने का कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर पुलिस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधनू पहुंचाया।
मृतक शिक्षिका की फाइल फोटो
गांधी जयंती पर स्कूल जा रहे थे शिक्षक और छात्र
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती का विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी प्रोग्राम में शामिल होने के लिए स्कूल के 5 छात्र और करीब 35 शिक्षक-शिक्षिकाएं एक निजी बस से स्कूल जा रहे थे। बस बर्रा का रहने बाला चालक अर्जुन चला रहा था।
चालक ने बताया कि वह नौबस्ता बंबा, बिनगवां और बिधनू कस्बा से होते हुए स्कूल के स्टाफ और बच्चों को लेकर घाटमपुर जा रहा था। जैसे ही बस हरबसपुर गांव में पंचायत भवन के निकट पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने अपना संतुलन खो दिया।
बस को बचाने की कोशिश, फिर डंफर ने मारी टक्कर
प्रत्यादर्शीयों के अनुसार डंपर काफी तेज रफ्तार में था और संतुलन खोने के कारण बस की तरफ आ रहा था। बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क से नीचे उतारकर हादसे से बचाने का प्रयास किया,लेकिन डंपर ने बस के दाहिने हिस्से को भीषण टक्कर मार दी।इस जोरदार टक्कर में बस की खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए और लोहे की चादरें मुड़ गईं।
बस की खिड़की के पास सीट पर बैठी बर्रा निवासी 30 वर्षीय विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव को सबसे ज्यादा चोट आई। टूटे हुए कांच उनके सिर और चेहरे में घुस गए जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। बस में सवार अन्य शिक्षक और छात्र भी कांच लगने और टक्कर से घायल हो गए।
सीएचसी में डॉक्टर ने शिक्षिका को मृत घोषित किया
इस दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बस से बाहर निकाला। क्षेत्रीय लोगों के द्वारा दी गई सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बिधनू भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने ऐश्वर्या श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही स्कूल स्टाफ में कोहराम मच गया।
हादसे में छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच घुसने से गंभीर चोट आई है। वहीं छात्रा कनिष्क, मैत्री, सुहानी और छात्र कुशाग्र को मामूली चोटें आई हैं।
स्कूल बस ड्राइवर के द्वारा घटना के संबंध में दी गई जानकारी
दो शिक्षकों की हालत गंभीर, एलएलआर रेफर
इस दुर्घटना में तौधकपुर निवासी 37 वर्षीय शिक्षिका अंजू और जूही निवासी 30 वर्षीय शिक्षक हिमांशु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक देखते हुए सीएचसी के डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के एलएलआर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं शिक्षक अर्पित दीक्षित, दुर्गा चौहान, निखलेश्वर बाजपेई और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
खबर सुनते ही बेशुध हुईं प्रिंसिपल , डंफर चालक हिरासत में
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह बस के पीछे अपनी कार से स्कूल जा रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही वह तुरंत सीएचसी पहुंचीं। वहां अपनी होनहार शिक्षिका ऐश्वर्या का शव देखकर वह बेसुध हो गईं और फूट-फूट कर रोने लगीं। स्कूल के अन्य स्टाफ ने उन्हें संभाला।
वहीं हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बनी काल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर मौरंग लदे डंपर बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं। ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस रूट पर डंपरों की रफ्तार पर लगाम लगाने और नियमित चेकिंग की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है ।