कानपुर : घर में रिटायर्ड फ़ौजी की गोली लगने से हुई मौत, हादसा, हत्या और आत्महत्या में उलझी गुत्थी - Democracysamachar.com
अपराध ⏱️ 2 मिनट पढ़ाई

घर में रिटायर्ड फ़ौजी की गोली लगने से हुई मौत, हादसा, हत्या और आत्महत्या में उलझी गुत्थी

Author
democracysamachar@gmail.com ✔
📌 मुख्य बिंदु (Highlights)
  • बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले दामोदर नगर में रविवार दोपहर को एक रिटायर फौजी की लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से...
  • स्वजनों के अनुसार हादसा या आत्महत्या 
  • स्वजनों के अनुसार रामबाबू बंदूक साफ कर रहे थे, इसी दौरान अचानक गोली चल गई होगी । वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में बेटे ...

Uttar Pardesh (Kanpur) : थाना बर्रा क्षेत्र में बेटे का सेना की भर्ती में चयन न होने से थे तनाव में चल रहे फ़ौजी की गोली लगने से मौत , परिवारीजनों का दावा बंदूक साफ करते समय गोली चलने से हुई घटना ,पुलिस ने आत्महत्या मान कर शुरू की जांच

 कानपुर : बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले दामोदर नगर में रविवार दोपहर को एक रिटायर फौजी की लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवारीजन घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में पहुंचे तो रामबाबू राजपूत (51) खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले। स्वजनों ने उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले गए , जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। हैलट में करीब एक घंटे तक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलने ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्र किये । पुलिस ने बंदूक और मौके से मिले खोखा को सबूत के तौर पर कब्जे में लेकर मामले में जांच शुरू कर दी है।

स्वजनों के अनुसार हादसा या आत्महत्या 

स्वजनों के अनुसार रामबाबू बंदूक साफ कर रहे थे, इसी दौरान अचानक गोली चल गई होगी । वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में बेटे की नौकरी को लेकर रामबाबू के तनाव में होने की बात सामने आई है। इसके चलते पुलिस हादसे के साथ साथ आत्महत्या के दृष्टिकोण से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सेना से रिटायरमेंट के बाद बैंक में थे गनमैन 

रामबाबू राजपूत वर्ष 2012 में सेना से रिटायर होने के बाद मौजूदा समय में वह कानपुर देहात में भोगनीपुर(पुखरायां) स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गनमैन के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी संतोषी, बेटा सूरज सिंह राजपूत और बेटी नेहा राजपूत हैं। पत्नी और बेटी के अनुसार वह अपने बेटे के भविष्य और नौकरी को लेकर काफी चिंतित  थे।

सेना (आर. आर ) की भर्ती में बेटे का नहीं हुआ चयन 

रामबाबू के बेटे सूरज अनुसात विगत दिनों राजपूत रेजीमेंट की सीधी भर्ती निकली थी। जिस कारण वह दो दिन पहले अपना रिलेशनशिप सर्टिफिकेट बनवाने के लिए  फ्लाइट से बेंगलुरु गया था। परन्तु सर्टिफिकेट नहीं बन पाने के कारण उसका सीधी भर्ती प्रक्रिया में चयन नहीं हो सका था । सूरज ने बताया कि उसने फोन पर पिता को भर्ती में चयन न होने की जानकारी दी तो वह काफी हताश हो गए थे।शनिवार देर शाम बेंगलुरु से लौटने के बाद उसने पिता को काफी समझाने का प्रयास किया था।

दोपहर को कमरे से आई गोली की आवाज 

रविवार दोपहर करीब तीन बजे रामबाबू घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अपनी लाइसेंसी बंदूक साफ करने के लिए गए थे। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो रामबाबू खून से लथपथ पड़े थे। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हैलट रेफर कर दिया।

घटनास्थल से पुलिस और फॉरेंसिक ने सबूत किये एकत्र

स्वजनों ने रामबाबू को गोली लगने की सूचना 112 नंबर पर दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना बर्रा थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खोखा और लाइसेंसी बंदूक को जाँच के लिये अपने कब्जे में ले लिया, टीम घटनास्थल से और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

हादसा या आत्महत्या के पहलुओं पर जांच शुरू 

बर्रा पुलिस की पूछताछ में स्वजनों के द्वारा बताया गया कि रामबाबू अपने बेटे सूरज की नौकरी को लेकर काफ़ी तनाव में थे। वहीं बेटे घटना को लेकर कहना है कि पिता बंदूक की साफ सफाई कर रहे थे और इसी दौरान अचानक गलती से गोली चल गई। वहीं अब पुलिस के सामने यह चुनौती है कि गोली गलती से चली या रामबाबू ने आत्महत्या  के इरादे से खुद को गोली मारी है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना क्या है ?

बर्रा के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों से की गई पूछताछ में गोली दुर्चघटनावश और आत्महत्या दोनों तरह की बातें सामने आई हैं।पुलिस और फॉरेंसिक ने घटनास्थल से बंदूक और खोखा कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की स्थिति स्पष्ट होगी। परिवार से तहरीर प्राप्त होने के बाद ही मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खबर शेयर करें:
ताज़ा खबरों के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें