उत्तर प्रदेश ( बदायूं ): थाने में 28 साल के दलित युवक की संदिग्ध मौत,परिवार का आरोप- पुलिस ने पीट-पीटकर मार डाला
- बदायूं : जिले के दातागंज थाने में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय राजेश...
- पुलिस के मुताबिक, दातागंज क्षेत्र के अटसेना गांव में गुरुवार को एक भंडारे के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। ...
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे राजेश थाने के अंदर बने शौचालय में गया था।...
UTTAR PRADESH ( BADAUN ) : पुलिस हिरासत में कथित तौर पर तबीयत बिगड़ने के कारण एक दलित युवक की मौत हो गई।परिजनों ने पुलिस पर पीट – पीट कर मारने का आरोप लगाया, वहीं पोस्टमार्टम में मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया। स्वजनों की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
बदायूं : जिले के दातागंज थाने में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, दातागंज क्षेत्र के अटसेना गांव में गुरुवार को एक भंडारे के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। एक पक्ष के लोग घायल हो गए थे। इसी मामले में दूसरे पक्ष के राजेश को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लेकर दातागंज थाने लाया गया था।
शौचालय से आते ही जमीन पर गिरा राजेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे राजेश थाने के अंदर बने शौचालय में गया था। बाहर निकलते ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में पुलिसकर्मी उसे दातागंज सामुदायिक स्वस्थ केंद्र ( CHC ) ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
CHC के डॉक्टर रितेश भसीन का कहना है कि युवक को सांस लेने में दिक्कत के साथ लाया गया था और उसके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी तरफ परिजनों का कहना है कि राजेश की मौत थाने में पिटाई से हुई है। आरोप है कि पुलिस ने घटना को छिपाया और अस्पताल ले जाते समय किसी परिजन को साथ नहीं भेजा।
पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि थाने के सीसीटीवी में राजेश पहले फर्श पर लेटा हुआ, फिर शौचालय की ओर जाते और लौटते ही गिरता हुआ साफ दिख रहा है।
फिलहाल राजेश के भाई की तहरीर पर गांव के 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।