पार्किंग विवाद में नेवी जवान ने खेला खूनी खेल, एक ही परिवार के 3 लोगों को मारी गोली, शादी वाले घर में पसरा मातम
- लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में सोमवार को पार्किंग को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल...
- घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी एवं पुलिसबल
- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके क...
Lucknow Triple Murder: लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में सोमवार को पार्किंग को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें 65 वर्षीय शिवाजी तिवारी और उनके 55 वर्षीय भाई शिवेंद्र तिवारी की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी एवं पुलिसबल
Lucknow Triple murder : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके के ब्राह्मणी टोला में सोमवार दोपहर कार पार्किंग और चबूतरा बनाने को लेकर दो पड़ोसियों में हुआ झगड़ा देखते ही देखते तिहरे हत्याकांड में बदल गया।
एक पक्ष के युवक ने लाइसेंसी नहीं बल्कि अवैध पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
मृतकों में 65 वर्षीय शिवाजी तिवारी, उनके छोटे भाई 55 वर्षीय शिवेंद्र तिवारी और शिवाजी के 30 वर्षीय बेटे सुयश तिवारी शामिल हैं। सुयश की अगले महीने शादी होने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। लेकिन इस वारदात ने शादी वाले घर को मातम में बदल दिया।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और क्षेत्रीय जनता
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की है। ब्राह्मणी टोला में शिवाजी तिवारी का परिवार लंबे समय से रह रहा है। उनके घर के सामने एक बरगद का पेड़ है, जिसके पास उन्होंने एक छोटा सा चबूतरा बना रखा था। इसी चबूतरे और गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनका पड़ोस में रहने वाले ऋषभ शुक्ला से अक्सर विवाद होता रहता था।
सोमवार को भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि ऋषभ शुक्ला घर के अंदर से अपनी अवैध पिस्टल निकाल लाया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उसने नजदीक से चार लोगों पर गोलियां चला दीं।
पहली गोली 65 वर्षीय शिवाजी तिवारी के सिर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। दूसरी गोली उनके भाई शिवेंद्र तिवारी के सिर में लगी। तीसरी गोली शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी के सिर में लगी, जबकि चौथी गोली उनके रिश्तेदार शंभू तिवारी के सीने में जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना स्थल के वीडिओ
ट्रॉमा सेंटर में तीनों की मौत
घटना की सूचना तुरंत सआदतगंज पुलिस और यूपी 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉक्टर प्रेमराज सिंह ने बताया कि दो लोगों के सिर में और एक के सीने में गोली लगी थी।
बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान शिवाजी, शिवेंद्र और सुयश की मौत हो गई। वहीं शंभू तिवारी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना पर पुलिस अधिकारी की बाइट
आरोपी नेवी का जवान, हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि ऋषभ भारतीय नौसेना में कार्यरत है और छुट्टी पर घर आया हुआ था। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पार्किंग और चबूतरे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आला अधिकारी कैंप कर रहे हैं।
घटना से संबंधित वीडियो
शादी वाले घर में पसरा मातम
इस तिहरे हत्याकांड से सबसे ज्यादा दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक सुयश तिवारी की अगले महीने शादी होने वाली थी। परिवार ने शादी के कार्ड बांट दिए थे, घर में रंगाई-पुताई और तैयारियां चल रही थीं।
सुयश की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे ब्राह्मणी टोला में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऋषभ शुक्ला दबंग किस्म का व्यक्ति है और पहले भी कई बार पार्किंग को लेकर झगड़ा कर चुका है।
घटना से सम्बंधित वीडियो
क्यों बढ़ रहे हैं पार्किंग विवाद ?
लखनऊ जैसे बड़े शहर में पार्किंग को लेकर खूनी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। छोटी-छोटी बातों पर लोग हथियार उठा ले रहे हैं। पुलिस का कहना है कि लोगों में सहनशीलता की कमी और अवैध हथियारों की आसानी से उपलब्धता इस तरह की घटनाओं की बड़ी वजह है।
फिलहाल पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई कर रही है।