कानपुर में विवाहिता की हुई संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पति बोला- फांसी लगाई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
- कानपुर के बर्रा में 8 साल पुराने प्रेम विवाह का खौफनाक अंत हो गया। 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ...
- बर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आ...
- प्रेम विवाह के 8 साल बाद खत्म हुई जिंदगी
Kanpur News: कानपुर के बर्रा में 8 साल पुराने प्रेम विवाह का खौफनाक अंत हो गया। 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की अधिवक्ता बहन ने सनसनीखेज दावा किया है कि मासूम बेटे ने अपनी मां को पिता के हाथों पिटते हुए देखा था।

Kanpur News: बर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आयुषी मिश्रा के रूप में हुई है। पति ने मायके वालों को फोन पर आत्महत्या की सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखकर हत्या का आरोप लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
प्रेम विवाह के 8 साल बाद खत्म हुई जिंदगी
मूल रूप से इटावा के पक्काबाद निवासी बृजेश तिवारी की बड़ी बेटी आयुषी मिश्रा थी। परिवार में छोटी बेटी यशी जो पेशे से अधिवक्ता हैं, और दो बेटे जय और आदर्श हैं।
मायके पक्ष के अनुसार करीब आठ साल पहले आयुषी का बर्रा निवासी धर्मेंद्र मिश्रा से प्रेम संबंध हो गया था। धर्मेंद्र पुरानी रिश्तेदारी के नाते परिवार के कार्यक्रमों में आता-जाता था। इसी दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और परिवार की रजामंदी से दोनों की शादी करा दी गई।
शादी के दो साल बाद बेटे कृष्णा का जन्म हुआ। मायके वालों का आरोप है कि इसके बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज और पैसों की मांग को लेकर आयुषी को प्रताड़ित करने लगा। मांग पूरी न होने पर मारपीट भी की जाती थी।
शुक्रवार देर रात हुआ विवाद, फिर आई मौत की खबर
छोटी बहन यशी के अनुसार शुक्रवार को आयुषी का पति और ससुराल वालों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की।
रात करीब 12 बजे पति धर्मेंद्र ने मायके वालों को फोन कर बताया कि आयुषी ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खबर सुनते ही इटावा में कोहराम मच गया और परिजन रात में ही कानपुर के लिए रवाना हो गए।
बेटी का शव देखकर मायके वालों ने किया हंगामा
करीब तीन घंटे बाद जब मायके वाले बर्रा स्थित घर पहुंचे तो आयुषी का शव फर्श पर पड़ा था। परिजनों का दावा है कि उसके सिर और शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। इस पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर 112 पर कॉल गई और बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। मामला संदिग्ध लगने पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया जिसने बारीकी से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए।
पति का दावा- फांसी लगाई, पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
बर्रा थाना प्रभारी के अनुसार पति धर्मेंद्र ने पूछताछ में बताया कि विवाद के बाद आयुषी ने फांसी लगा ली। वहीं मायके पक्ष ने हत्या की तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। चोटों की प्रकृति क्या है और मौत गला घोंटने से हुई या फांसी से, यह रिपोर्ट के बाद तय होगा। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।