Vijayawada Murder Case: विजयवाड़ा में हुआ श्रद्धा जैसा खौफनाक कांड, पैसों के विवाद में महिला का गला रेतकर किए 9 टुकड़े, नहर में फेंके अवशेष -विशेष टैटू से हुई पहचान - Democracysamachar.com
Uncategorized ⏱️ 2 मिनट पढ़ाई

विजयवाड़ा में हुआ श्रद्धा जैसा खौफनाक कांड, पैसों के विवाद में महिला का गला रेतकर किए 9 टुकड़े, नहर में फेंके अवशेष -विशेष टैटू से हुई पहचान

Author
democracysamachar@gmail.com ✔
📌 मुख्य बिंदु (Highlights)
  • आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कसाई ने अपनी महिला मित्र का गला काटकर बे...
  • आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। भवानीप...
  • पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा सोशल मीडिया की मदद और एक टैटू के जरिए किया है। फिलहाल मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को ह...

Vijayawada Murder Case : आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कसाई ने अपनी महिला मित्र का गला काटकर बेरहमी से कत्ल कर दिया। सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने शव के कई टुकड़े किए और उसे नजदीक की नहर में बहा दिया। बाद में मृतका के हाथ पर बने टैटू के जरिए परिजनों ने उसकी पहचान की और पुलिस को सूचना दी।

Vijayawada Crime News: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। भवानीपुरम इलाके में मटन की दुकान चलाने वाले एक कसाई ने अपनी महिला मित्र की बेरहमी से हत्या कर उसके शव के 9 टुकड़े कर दिए और पहचान छिपाने के लिए अवशेषों को नहर में बहा दिया। यह मामला दिल्ली के चर्चित श्रद्धा हत्याकांड जैसा ही बताया जा रहा है।

पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा सोशल मीडिया की मदद और एक टैटू के जरिए किया है। फिलहाल मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

कहाँ मिला शव और कैसे हुई पहचान ?

इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत इब्राहिमपटनम इलाके से हुई। यहां स्थानीय लोगों ने एक नहर के पास एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पहचान के लिए पुलिस ने शव की तस्वीरें और कुछ निशान सोशल मीडिया और लोकल मीडिया के जरिए सार्वजनिक किए।

इसी दौरान एक परिवार ने महिला के हाथ पर बने एक खास टैटू को पहचाना। उन्होंने तुरंत इब्राहिमपटनम पुलिस से संपर्क किया और बताया कि मृतका उनकी रिश्तेदार कल्याणी है। टैटू से हुई इस पहचान ने ही पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। इब्राहिमपटनम सर्कल इंस्पेक्टर सुब्रह्मण्यम ने भी माना कि सोशल मीडिया और मीडिया के सहयोग से ही इस केस का खुलासा हो पाया।

मुख्य आरोपी तक कैसे पहुंची पुलिस ?

कल्याणी की पहचान होते ही पुलिस ने उसके कॉल डिटेल्स, आखिरी लोकेशन और उसके करीबी लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच में बार-बार शफी का नाम सामने आ रहा था।

शफी भवानीपुरम का रहने वाला है और एक छोटी मटन शॉप चलाता है। पुलिस जांच में पता चला कि कल्याणी और शफी के बीच काफी समय से जान-पहचान थी और दोनों के बीच करीबी संबंध थे।

पुलिस को यह भी पता चला कि दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर अक्सर विवाद होता था। इसके अलावा कल्याणी के बेटे से जुड़ा एक पुराना झगड़ा भी दोनों के रिश्तों में कड़वाहट की वजह बना हुआ था।

पुलिस को शक हुआ कि कल्याणी आखिरी बार शफी के साथ ही देखी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने शफी को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

17 सितंबर को मटन की दुकान पर बुलाकर किये 9 टुकड़े ?

पुलिस पूछताछ में आरोपी शफी ने जो कहानी बताई वह बेहद खौफनाक है। शफी के मुताबिक 17 सितंबर को वह कल्याणी को अपने भवानीपुरम स्थित घर पर लेकर आया था। वहां एक बार फिर पैसों को लेकर दोनों में जोरदार बहस शुरू हो गई।

बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर शफी ने घर में रखे तेजधार चाकू से कल्याणी पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। मौके पर ही कल्याणी की मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और सबूत मिटाने के लिए उसने शव के टुकड़े करने का प्लान बनाया। चूंकि वह पेशे से कसाई है, इसलिए उसके लिए यह काम मुश्किल नहीं था।

शव के 9 टुकड़े कर नहर में फेंका

पुलिस के अनुसार आरोपी ने शव को 9 हिस्सों में काटा। इसके बाद उसने अपनी मटन दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी गुरुवुलु को मदद के लिए बुलाया। दोनों ने मिलकर शव के टुकड़ों को बोरियों में भरा और उन्हें ठिकाने लगाने के लिए गोलापुडी इलाके में स्थित कूलिंग कैनाल ले गए।

सुनसान जगह देखकर उन्होंने बोरियों को नहर में फेंक दिया ताकि शव कभी मिल ही न सके और यह मामला हादसा या गुमशुदगी लग सके। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, शव का एक हिस्सा पानी में ऊपर आ गया और लोगों की नजर में आ गया।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में

फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी कसाई शफी और उसके सहयोगी गुरुवुलु दोनों को हिरासत में ले लिया है। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब इस मामले में हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े, शव को ले जाने में इस्तेमाल वाहन और नहर में फेंके गए शव के बाकी बचे हिस्सों को बरामद करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए गोताखोरों की मदद भी ली जा रही है।

इंस्पेक्टर सुब्रह्मण्यम ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई और अहम सुराग मिले हैं। हत्या के पीछे सिर्फ पैसों का विवाद था या कोई और बड़ी वजह, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस कल्याणी के बेटे से जुड़े पुराने विवाद की फाइल भी दोबारा खोल रही है।

इलाके में दहशत का माहौल

इस जघन्य हत्याकांड के सामने आने के बाद विजयवाड़ा के भवानीपुरम और इब्राहिमपटनम इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस तरह की बर्बरता से हैरान हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि करीबी रिश्तों में पैसों का विवाद किस हद तक खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के विवाद को बातचीत से सुलझाएं और कानून को अपने हाथ में न लें।

यह भी पढ़े…

खबर शेयर करें:
ताज़ा खबरों के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें